Big Accident। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मानसून परवान पर है। अधिकांश जिलों में बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त है। कई नदी नाले उफान पर है, लगातार बारिश की वजह से कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उफनते नालों और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से कई इलाके संकट में हैं।
इसी बीच सारंगढ़ से दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर लात नाला में कार बहने के बाद कारोबारी दंपति का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, वहीं दूसरी ओर उसी नाले में रातभर पेड़ के सहारे फंसे एक बुजुर्ग को गोताखोरों की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
15 घंटे बाद भी लापता दंपति का नहीं लगा सुराग
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, लात नाला में कार बहने की घटना के बाद देव ट्रेडर्स के संचालक देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी लापता हैं। दोनों कार में सवार थे, जो तेज बहाव में बह गई। घटना के 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार और दंपति का कोई पता नहीं चल सका है। गोताखोरों की टीम लगातार नाले में सर्च ऑपरेशन चला रही है। मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस भी मौजूद है और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही है।
रातभर पेड़ के सहारे फंसे रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग
इसी दौरान लगातार बारिश के कारण उफान पर आए लात नाला में 70 वर्षीय बालमुकुंद बरिहा बीच धारा में फंस गए थे। तेज बहाव के कारण वे पूरी रात एक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाते रहे।
सुबह गोताखोरों ने सुरक्षित निकाला
सुबह होते ही गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद बालमुकुंद बरिहा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें तथा मौसम और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।


















