रायपुर। लंबे समय से उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस सूची का राजपत्र (गजट) में प्रकाशन कर दिया। अब सूची में शामिल खिलाड़ियों को राज्य शासन की उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति नीति-2007 के तहत लाभ मिल सकेगा।
20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को मिला स्थान
राज्य शासन द्वारा जारी सूची में 20 अलग-अलग खेलों के कुल 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में अधिसूचित किया गया है। यह सूची वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लंबित आवेदनों के आधार पर तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति ने दी थी मंजूरी
गौरतलब है कि 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था।
खेल मंत्री अरुण साव भी रहे बैठक में मौजूद
उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सभी आवेदनों और पात्रता का विस्तृत परीक्षण किया। सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद 156 खिलाड़ियों के नामों पर अंतिम सहमति बनी।
अब शासकीय सेवा का रास्ता होगा आसान
राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने के साथ ही सूची में शामिल खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति नीति-2007 के तहत सरकारी नौकरी के लिए पात्रता का लाभ मिलेगा। विभाग ने आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सूची जारी कर दी है।
देखिए सभी खिलाड़ियों की लिस्ट



















