रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और न ही इसके मूल स्वरूप से किसी तरह की छेड़छाड़ की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित करने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा और इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
38 स्थानों पर विकसित होंगे सेवा ज्योति संकल्प चौक
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। तेलीबांधा चौक भी इस सूची में शामिल है।
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी होगी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि वे गुरुवार को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं।
दुर्ग जिले को मिलेगी विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।










