धमतरी: मियां-बीबी की चोर-चोरनी जोड़ी को पुलिस ने दबोच लिया है। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस को ये बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घड़ी चौक स्थित ‘आमंत्रण ज्वेलर्स’ में खरीदारी के बहाने सोने की चेन चोरी करने वाले आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के रहने वाले हैं और पुलिस ने उनके पास से चोरी गई सोने की चेन शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
रक्षाबंधन के दिन की थी वारदात
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व के दौरान हुई थी। इस दिन दुकान में ग्राहकों की भारी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने खरीदारी करने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और करीब 17 ग्राम 110 मिलीग्राम वजनी जेंट्स सोने की चेन पार कर दी। चोरी गए आभूषण की कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के बाद दुकान संचालक की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर आमा तालाब रोड से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में अहम और सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आमा तालाब रोड पर घेराबंदी कर आरोपी पति-पत्नी को धर दबोचा। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शत-प्रतिशत आभूषण बरामद, न्यायालय में पेश
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत सोने की चेन बरामद कर ली है। जब्त की गई चेन का वजन 17.110 ग्राम है। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के रहने वाले इन दोनों आरोपियों को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से धमतरी में हुई इस शातिर चोरी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।










