सक्ती। छात्र से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन हुआ है, पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में नौवीं कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट मामले में ये कार्रवाई की गयी है। दरअसल इस मामले मेंआरोप है कि विद्यालय के प्राचार्य जगन्नाथ नायक पर लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। परिजनों की शिकायत पर चंद्रपुर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रावास में सहपाठी से बात कर रहा था छात्र
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का बेटा छत्रपति गुप्ता सरस्वती शिशु मंदिर चंद्रपुर में कक्षा नौवीं का छात्र है। वह विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है। परिजनों के मुताबिक, 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्रावास के शौचालय के पास वह अपने एक सहपाठी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान विद्यालय के प्राचार्य जगन्नाथ नायक वहां पहुंचे।
हाथ-मुक्के से मारपीट और जमीन पर पटकने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि प्राचार्य ने छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। आरोप यह भी है कि छात्र के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया गया। घटना में छात्र के सिर, पीठ, पैर और बाएं घुटने में चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद छात्र ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन रात करीब 10 बजे विद्यालय परिसर पहुंचे। इसके बाद छात्र के पिता ने चंद्रपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई
मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में कथित तौर पर प्राचार्य छात्र के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस की जांच के आधार पर ही होगी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 115(2) के साथ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।










