सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका मां और उसके बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शिक्षिका का शव उसके घर के बाथरूम में मिला, जबकि उसके 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे का शव जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर जंगल में मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड जांच में जुट गए हैं।
जंगल में मिला युवक का शव, पहचान में जुटी थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, शनिवार, 10 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर जंगल में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिट्टी में दबा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
इसी बीच देर रात विश्रामपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि केशवनगर में रहने वाली एक शिक्षिका और उसका बेटा शुक्रवार से लापता हैं। इसके बाद पुलिस शिक्षिका के घर पहुंची, जहां बाथरूम में उसकी लाश मिली। वहीं, महावीरपुर जंगल में बरामद युवक के शव की पहचान शिक्षिका के बेटे के रूप में हुई।
15 साल से किराए के मकान में रह रही थीं शिक्षिका
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान रजनी बैराठ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर जिले की रहने वाली थीं। वह पिछले करीब 15 वर्षों से केशवनगर में किराए के मकान में अपने बेटे सुजल बैराठ के साथ रह रही थीं। रजनी बेलटीकरी मिडिल स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि उनका बेटा सुजल कार्मेल स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि रजनी तलाकशुदा थीं और मां-बेटे घर में अकेले रहते थे। आसपास के लोगों के मुताबिक, दोनों शुक्रवार से ही लापता थे।
मां-बेटे के शरीर पर चोट के निशान, मोबाइल भी गायब
इस मामले में एक ओर शिक्षिका का शव घर के बाथरूम में मिला, वहीं उसके बेटे का शव घर से करीब 20 से 25 किलोमीटर दूर महावीरपुर जंगल में मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। दोनों के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा, दोनों के मोबाइल फोन भी गायब बताए जा रहे हैं।
CCTV फुटेज समेत कई पहलुओं पर जांच
दोनों की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।फिलहाल, मां-बेटे की मौत के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।










