धमतरी में बड़ा सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 25 से अधिक घायल; महिला, पुरुष और बच्चे शामिल
धमतरी। नवरात्र के खुशियों के बीच एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। माता दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। मिली जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन भटगांव आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 25 से अधिक लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में 40 से अधिक लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु बोहरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी सियादेही की ओर जा रहे थे, तभी भटगांव आईटीआई के पास यह हादसा हो गया।
भटगांव आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे और सड़क पर गिरे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, रुद्री पेट्रोलिंग और वरदान की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को पहले आरोग्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल लोगों को तत्काल भटगांव आरोग्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए कई घायलों को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।राहत कार्य में निजी एंबुलेंस सेवाओं ने भी सहयोग किया। शिवा प्रधान ने अपनी दो एंबुलेंस उपलब्ध कराईं।
ऋतुराज फाउंडेशन की एंबुलेंस के जरिए भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान प्रेम साहू और हेमंत प्रधान ने सहयोग किया।डायल 112 के चालक रुद्रनारायण साहू और चालक गणेश साहू भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा राहत कार्य में जुटे रहे।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शुरू किया उपचार
धमतरी जिला अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के कारण अस्पताल में उपचार व्यवस्था सक्रिय की गई और डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में चित्रा (14 वर्ष), लक्ष्य (10 वर्ष), रुक्मणी (35 वर्ष), देविका (15 वर्ष) और टेमन (11 वर्ष) सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
क्षमता से अधिक सवारी होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में पिकअप वाहन में 40 से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। ऐसे में वाहन में क्षमता से अधिक सवारी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन में सवार लोगों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे में घायल लोगों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।







