रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन, अंत्योदय, आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक की यह यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
‘आशीर्वाद का दीया’ स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ समेत देशभर में सेवा और जनभागीदारी की गतिविधियां हो रही हैं। उनके मुताबिक, ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री मोदी के प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि यह दीप प्रधानमंत्री के लिए शुभकामनाओं के साथ सेवा और जनभागीदारी की भावना का भी प्रतीक है।
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।










