कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सुबह-सुबह एक झकझोरने वाली खबर आ रही है। एक बेहद दर्दनाक घटनाक्रम में तीन लड़कियों की जान चली गयी। घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के नूनेरा गांव की बतायी जा रही है, जहां तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की उम्र महज 7 से 8 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इंदु, राखी और साधना आपस में सहेलियां थीं। तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं। इसी दौरान वे तालाब के गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं।
तीनों बच्चियों के शव बरामद
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई। तीनों बच्चियों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही अब शव को परिजनों को सौंपा जायेगा।
गांव में पसरा मातम
इधर,एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत की खबर से नूनेरा गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तीनों लड़कियां आपस में सहेली थी और हमेशा साथ में ही रहती थी। आज सुबह भी तीनों स्नान करने साथ ही गयी थी, जहां तीनों हादसे का शिकार हो गयी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। आज शाम तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया जायेगा।










