सूरजपुर। शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर शिक्षकों में भी आक्रोश है। शिक्षक संगठनों ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठायी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ और छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ ने पुलिस अधीक्षक, सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
दोनों की मौत की खबर सामने आने के बाद शिक्षक समुदाय में शोक का माहौल है। वहीं, घटना की परिस्थितियों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शिक्षक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक तथ्यों का खुलासा करने की अपील की है।
शिक्षक संघ ने SP को सौंपा ज्ञापन
शिक्षक संगठनों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के बाद घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में मामले की जांच निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ किया जाना आवश्यक है।
संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जाए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। संगठनों ने कहा कि इस घटना से शिक्षक समुदाय में गहरा दुख है। साथ ही, शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है।
सड़क किनारे मिली थी सुजल की लाश
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। युवक के शरीर पर चोट के कई निशान बताए गए थे। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई गई थी।शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को विश्रामपुर के मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई।
घर से करीब 500 मीटर दूर मिली स्कूटी
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को उसकी स्कूटी घर से लगभग 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस देर रात सुजल के घर पहुंची।बताया गया कि घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और सुजल की मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था। इसके बाद बिश्रामपुर पुलिस ने सुजल के परिचितों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला खोला गया।
बाथरूम में मिली शिक्षिका रजनी बरेठ की लाश
घर के अंदर बाथरूम में शिक्षिका रजनी बरेठ (40) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस तरह एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।फिलहाल, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटनाओं के बीच क्या संबंध है, इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। उपलब्ध जानकारी के आधार पर मौतों के कारण या किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
शिक्षक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।अब इस मामले में पुलिस जांच की प्रगति और मौतों के कारणों को लेकर सामने आने वाली आधिकारिक जानकारी पर सबकी नजर है।







