धमतरी। जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, लिहाजा आए दिन वह अपने जिला पंचायत क्षेत्र सहित जिले के अलग अलग क्षेत्रों में लगातार दौरा कर लोगों से रूबरू होते हैं, साथ ही उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें सुलझाने का भरपूर प्रयास करते हैं, वहीं अब उन्होंने क्षेत्रवासियों की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण और उन्हें शासन स्तर तक पहुंचाने की दिशा में सार्थक पहल की है। उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय परिसर में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने क्षेत्र से जुड़ी आवास एवं पेंशन संबंधी समस्याओं को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
आवास और पेंशन से जुड़ी समस्याओं पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान अजय ध्रुव ने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने तथा पात्र हितग्राहियों की पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कई जरूरतमंद हितग्राही शासन की योजनाओं का लाभ पाने के लिए प्रयासरत हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण आवश्यक है।
मंत्री ने तत्काल दिखाई संवेदनशीलता
मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने अजय ध्रुव द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने मामले को प्राथमिकता देते हुए तत्काल संबंधित विभाग के संचालक से दूरभाष पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री की इस त्वरित पहल को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता
जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आवास और पेंशन जैसी योजनाएं सीधे जरूरतमंद और आम लोगों से जुड़ी हैं। इसलिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनने और तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने के लिए उनका हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
अजय ध्रुव ने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता और त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली से क्षेत्रवासियों में विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री के निर्देश के बाद संबंधित समस्याओं के निराकरण की दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।



















