रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से जुड़ी एक बड़ी अपडेट है। राज्य सरकार ने शासकीय नौकरी की योग्यता में बड़ा बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रशासकीय विभागों और शासकीय कार्यालयों में चतुर्थ श्रेणी (Class-IV) के पदों पर होने वाली भर्तियों की योग्यताओं में बदलाव का आदेश जारी कर दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब भृत्य (प्यून), फर्राश और स्वीपर जैसे पदों पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता को बढ़ाकर हाईस्कूल यानी 10वीं बोर्ड उत्तीर्ण कर दिया गया है। इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो सेवा भर्ती नियम, 2014’ में संशोधन करते हुए चतुर्थ श्रेणी के पदों की अर्हताओं को अपडेट कर दिया गया है।
पहले क्या थी शैक्षणिक योग्यता?
आपको बता दें कि इससे पहले राज्य के शासकीय विभागों में भृत्य, फर्राश, सफाईकर्मी/स्वीपर और चौकीदार जैसे चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 8वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित थी। विभिन्न विभागों और आयोगों की भर्तियों में 5वीं या 8वीं पास अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्र माने जाते थे।
हालांकि, शासकीय कामकाज में बढ़ती दक्षता और न्यूनतम शैक्षणिक मानकों में सुधार लाने के उद्देश्य से अब इसे बढ़ाकर 10वीं पास कर दिया गया है। शासन द्वारा किए गए इस संशोधन के बाद भविष्य में निकलने वाली चतुर्थ श्रेणी की सभी नई सीधी भर्तियों में अभ्यर्थियों के लिए 10वीं बोर्ड परीक्षा पास होना अनिवार्य होगा।
भर्ती नियमों में अन्य प्रमुख संशोधन
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश में केवल चतुर्थ श्रेणी ही नहीं, बल्कि अन्य कई पदों की भर्ती योग्यताओं और पदों की संख्या में भी संशोधन किए गए हैं:
• वाहन चालक (ड्राइवर): चालक पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त मंडल से हाईस्कूल (10वीं) उत्तीर्ण होने के साथ-साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य किया गया है।
• स्टेनोग्राफर, डाटा एंट्री ऑपरेटर और सहायक ग्रेड-3: इन तृतीय श्रेणी के पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक अथवा 10+2 के साथ मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट डिप्लोमा, तथा डाटा एंट्री/कंप्यूटर टाइपिंग डिप्लोमा व स्पीड सर्टिफिकेट अनिवार्य रखा गया है।
• नए पदों का समावेश: नियमों की अनुसूची में ‘सहायक लेखा अधिकारी’ (लेवल-9) और ‘सहायक उप निरीक्षक-एमटी’ (लेवल-6) जैसे नए पदों को भी शामिल किया गया है।
.










