रायपुर। नवरात्र में पुलिस अफसरों को प्रमोशन का तोहफा मिला है। छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में पदोन्नति का आदेश जारी हुआ है। राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 12 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), उप सेनानी अथवा समकक्ष रैंक के पद पर स्थानापन्न रूप से नियुक्त किया है। इस संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से आदेश जारी किया गया है।
डीपीसी की अनुशंसा के बाद पदोन्नति का आदेश
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश क्रमांक ESTB-102(2)/567/2026-HOME SECTION के अनुसार, वर्ष 2026 में पदोन्नति एवं पदस्थापना के संबंध में विभागीय पदोन्नति/छानबीन समिति की बैठक 17 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य शासन ने यह निर्णय लिया है।
यह नियुक्तियां छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2005 के नियम 14 एवं 23 की अनुसूची-पांच में दिए गए प्रावधानों के तहत की गई हैं। आदेश के अनुसार, अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक, सहायक सेनानी अथवा समकक्ष रैंक से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप सेनानी अथवा समकक्ष रैंक के पद पर स्थानापन्न रूप से नियुक्त किया गया है।

इन 12 अधिकारियों को मिली पदोन्नति
गृह विभाग के आदेश में पदोन्नत किए गए अधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं:
- सुरेन्द्र साय पैकरा
- संजय कुमार ध्रुव
- माधुरी धीरही
- अखिलेश कौशिक
- राजेश देवांगन
- स्नेहिल साहू
- घनश्याम कामड़े
- दिनेश्वरी नंद
- मनीष कुमार कंवर
- दीपिका मिंज
- अनूप कुमार लकड़ा
- मंजूलता बाज
पदस्थापना के आदेश अलग से होंगे जारी
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नत अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार उप सचिव रामप्रसाद चौहान द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है।इस आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर अलग से आदेश जारी होने का इंतजार रहेगा।










