बिलासपुर,11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बार फिर रेल हादसा हुआ है, इस घटना से रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं, बताया जा रहा है आज यानी शनिवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी का वैगन अचानक पटरी से उतर गया। घटना शंकर नगर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे डाउन लाइन पर हुई, जिससे कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की रफ्तार बेहद धीमी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी स्टेशन की ओर धीमी गति से बढ़ रही थी, उसी दौरान उसका एक वैगन अचानक बेपटरी हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया और इंजीनियरिंग विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
रेलवे की तकनीकी टीम ने वैगन को दोबारा पटरी पर लाने और ट्रैक को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है और स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना का यात्री ट्रेनों की आवाजाही पर मामूली असर पड़ा है। कुछ ट्रेनों की गति नियंत्रित की गई, जबकि अधिकांश ट्रेनों का संचालन सुरक्षित तरीके से जारी रखा गया।
फिलहाल वैगन के बेपटरी होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे ने घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा ट्रैक में खराबी, तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य वजह से हुआ।
लगातार सामने आ रही रेल दुर्घटनाओं के बीच बिलासपुर में हुई इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक मेंटेनेंस को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।










