Teacher Death: राज्य के सुकमा और पखांजूर (कांकेर) क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो सरकारी कर्मचारियों की मौत हो गई है। इन दोनों ही घटनाओं से उनके परिजनों और स्थानीय क्षेत्रों में मातम पसर गया है।
सुकमा: दोरनापाल से लौट रहे प्रधानाध्यापक की सड़क हादसे में मौत
सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक शाला रावगुड़ा के प्रधानाध्यापक कुंजाम बुधरा की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक कुंजाम बुधरा दोरनापाल में आयोजित बीएलओ (BLO) की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने गए थे। बैठक समाप्त होने के बाद जब वे वापस जगरगुंडा की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। हालांकि, यह हादसा किन परिस्थितियों और कैसे हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।
पखांजूर (कांकेर): आमने-सामने की टक्कर में रोजगार सहायक की मौत
पखांजूर क्षेत्र में भी एक अन्य सड़क दुर्घटना में रोजगार सहायक की जान चली गई। ताड़वायलि पंचायत में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद रोजगार सहायक मनोज धनकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक की एक अन्य वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।










