Team India announce for England Tour। इंग्लैंड दौरे पर होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम की घोषणा की। इस सीरीज की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है।
टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को लेकर हो रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 110 रन की शानदार पारी खेलने के बावजूद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं मिली। उनकी जगह चोट का बाबजूद विराट कोहली को मिली है।
यशस्वी की सेंचुरी भी नहीं बचा सकी जगह
अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने 110 रन की नाबाद पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। हालांकि इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में उनका नाम शामिल नहीं है। दरअसल, यशस्वी को अफगानिस्तान सीरीज के लिए तब मौका मिला था जब विराट कोहली चोटिल होने के कारण उपलब्ध नहीं थे। अब विराट की वापसी के साथ यशस्वी को टीम से बाहर होना पड़ा है।
विराट कोहली की वापसी, फिटनेस पर रहेगा फैसला
इंग्लैंड दौरे के लिए अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनका चयन फिटनेस क्लियरेंस के अधीन रखा गया है। यदि कोहली पूरी तरह फिट पाए जाते हैं तो वह वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।
बुमराह की वनडे टीम में वापसी
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। बुमराह आखिरी बार 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में भारत के लिए 50 ओवर क्रिकेट खेलते नजर आए थे।
उनकी वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी। वहीं ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी वनडे सेटअप में लौट आए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में वह टीम का हिस्सा नहीं थे।
किन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह?
इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित वनडे टीम में यशस्वी जायसवाल के अलावा प्रिंस यादव और हर्ष दुबे को भी शामिल नहीं किया गया है। चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों और संतुलित संयोजन पर भरोसा जताया है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली* (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।
वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
- 14 जुलाई – पहला वनडे, एजबेस्टन (बर्मिंघम)
- 16 जुलाई – दूसरा वनडे, सोफिया गार्डन्स (कार्डिफ)
- 19 जुलाई – तीसरा वनडे, लॉर्ड्स (लंदन)
वनडे से पहले होगी टी20 सीरीज
वनडे सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी।
- 1 जुलाई – पहला टी20, चेस्टर ले स्ट्रीट
- 4 जुलाई – दूसरा टी20, मैनचेस्टर
- 7 जुलाई – तीसरा टी20, नॉटिंघम
- 9 जुलाई – चौथा टी20, ब्रिस्टल
- 11 जुलाई – पांचवां टी20, साउथम्प्टन
आयरलैंड सीरीज से बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती
इस बीच भारतीय टीम को एक और झटका लगा है। स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। बताया गया है कि वह BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना रिहैब पूरा नहीं कर पाए हैं। भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को टी20 मुकाबले खेले जाने हैं। ऐसे में वरुण की अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए चुनौती बन सकती है।










