लोरमी/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में नवरात्र के जश्न के बीच हादसों का दौर जारी है। बलौदाबाजार में जहां तीन भाईयों की मौत हो गयी, वहीं छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दशरंगपुर में बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान तीनों को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दशरंगपुर में बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर हुआ। तीनों ग्रामीण सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में अधीन मोहले, बबलू बघेल और गंगाराम की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 112 की मदद से संबंधित कार्रवाई की। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद जरहागांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसा किस वाहन से हुआ और चालक घटना के बाद किस दिशा में फरार हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
सुबह की सैर पर निकले तीन ग्रामीणों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और मुख्य मार्गों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बलौदाबाजार में तीन भाईयों की मौत
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पलारी के पास घोटिया मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के अवसर पर घर लौट रहे थे। इस घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार देर रात रायपुर-पलारी मार्ग पर पलारी से करीब चार किलोमीटर दूर घोटिया मोड़ के पास हुआ। बाइक पर सवार तीनों युवक घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तीनों युवकों ने तोड़ा दम
हादसे में घायल 18 वर्षीय प्रेम धीवर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया था। हालांकि, दोनों की भी बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह सड़क हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई। मृतक आपस में मौसेरे भाई थे। नवरात्रि के अवसर पर घर लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियां छीन लीं। तीनों युवकों की मौत से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।










