धमतरी/नगरी,18 अगस्त 2026। नगर पंचायत नगरी के चहुमुखी विकास और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की सक्रियता लगातार जारी है। इसी कड़ी में उन्होंने श्रृंगी ऋषि आश्रम पहुंचकर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग से मुलाकात की। इस दौरान अध्यक्ष ने नगरी से जुड़ी दो प्रमुख चीर प्रतीक्षित मांगों को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
जिसके मुताबिक नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की प्रमुख मांग रखी गई। अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने सांसद को बताया कि नगरी का क्षेत्रफल और आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर पालिका का दर्जा मिलने से नगरी में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और इसका सीधा लाभ नगरवासियों को मिलेगा।
‘बड़े झाड़ के जंगल’ में दर्ज भूमि का रिकॉर्ड सुधारने की मांग
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने नगरी के कुछ आवासीय क्षेत्रों से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या भी सांसद के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि नगर के कुछ हिस्से वर्तमान में वन विभाग के रिकॉर्ड में ‘बड़े झाड़ के जंगल’ के रूप में दर्ज हैं, जबकि इन क्षेत्रों में नागरिक वर्षों से निवास करते आ रहे हैं।
भूमि रिकॉर्ड में इस स्थिति के कारण कई पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। अध्यक्ष ने मांग की कि संबंधित भूमि के रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया कराकर वर्षों से निवासरत पात्र लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
सांसद भोजराज नाग ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगरी के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।



















