धमतरी/नगरी,14 अगस्त 2026। नगरी में पुलिस विभाग द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती राष्ट्रीय एकता दौड़ देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर यूनिटी’ बजरंग चौक नगरी से मुक्तिधाम धाम तक करीब 5 किलोमीटर तक दौड़ का आयोजन किया गया। बजरंग चौक से सांकरा रोड स्थित मुक्तिधाम तक आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे हुई।
दौड़ शुरू होते ही छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाते हुए मुक्तिधाम तक अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹1,000 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹500 की पुरस्कार राशि थाना प्रभारी टापेश्वर सिंह नेताम द्वारा प्रदान की गई।
‘एकजुट भारत ही मजबूत भारत’—एसडीओपी विपीन रंगारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी विपीन रंगारी ने बच्चों को देश की एकता और अखंडता के महत्व से अवगत कराया।उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपना पूरा जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया। उनके दृढ़ संकल्प और अथक प्रयासों से देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए और देश की एकता व अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब देशवासी आपसी भाईचारे और एकजुटता के साथ आगे बढ़ते हैं, तो कोई भी ताकत देश की ओर आंख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकती।
एसडीओपी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत होती है।
पुलिस के आयोजन की जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन के लिए नगरी पुलिस विभाग की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में एसडीओपी विपिन रंगारी, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत बलजीत छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, मोहन पुजारी, कमल डागा, थाना प्रभारी नगरी टॉपेश्वर नेताम,पार्षद चेलेश्वरी साहू, टुकेश्वरी साहू, मिकी गुप्ता, देवचरण ध्रुव, एल्डरमेन गौरव तिवारी सहित पुलिस विभाग से गोपी चन्द्रकार, योगेश कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नगरवासी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



















