Puri Rathyatra Accident । विश्व प्रसिद्ध पुरी रथयात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अत्यधिक भीड़ की वजह से भगदड़ मच गया, जिसकी वजह से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गयी। घटना के बाद तुरंत मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान गुरुवार को रथ खींचने के दौरान पुरी में ये हादसा हुआ । मरिचिकोट चौक के पास श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के चलते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे दम घुटने के कारण दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं गर्मी, भीड़ और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं के चलते 150 से अधिक श्रद्धालुओं को पुरी जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरिचिकोट चौक पर बिगड़े हालात
इस संबंध में प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि दोपहर करीब 2 बजे रथयात्रा के दौरान मरिचिकोट चौक के पास अचानक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के दबाव के बीच दो श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस और राहतकर्मियों ने दोनों को तत्काल पुरी जिला मुख्य अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों की स्थिति अभी गंभीर बतायी जा रही है।
150 से अधिक श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती
वहीं, रथयात्रा के दौरान उमस, गर्मी और अत्यधिक भीड़ के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। जिला मुख्य अस्पताल में 150 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है। कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
घटना के बाद प्रशासन ने रथयात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और भीड़ प्रबंधन को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।इस दुखद घटना के बाद श्रीक्षेत्र पुरी में शोक का माहौल है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।










