रायगढ़। कॉलेज प्रोफेसर पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाकर पीटने वाली छात्रा ने अब FIR दर्ज करा दिया है। पहले इस विवाद में दोनों पक्षों में काम्प्रमाइज हो गया था। बाद में कथित ब्लैकमेलिंग का एक VIDEO वायरल हुआ, जिसके मामले में अब यू टर्न आ गया है। युवती की शिकायत पर प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रायगढ़ जिले में एक सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर के खिलाफ युवती को कथित तौर पर अश्लील संदेश भेजने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
युवती की तरफ से दी गयी शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपी प्रोफेसर की कुछ दिन पहले युवती और उसके मंगेतर द्वारा की गई पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।पुलिस के अनुसार, आरोपी रेमन भार्गव लैलूंगा के शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। शिकायतकर्ता युवती उनके पड़ोस में रहती है।
डेढ़ साल तक अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
युवती का आरोप है कि प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ साल से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से उसे अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेज रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि उसने इस बात की जानकारी अपने परिवार के किसी सदस्य को दी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। कई बार मना करने के बावजूद प्रोफेसर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे।
मंगेतर के साथ पहुंची, प्रोफेसर की हुई पिटाई
अश्लील मैजेस से परेशान होकर युवती 1 जुलाई को अपने होने वाले पति के साथ प्रोफेसर के घर पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पहले हुआ समझौता, अब पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के बाद युवती ने थाने में लिखित शिकायत भी दी थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बावजूद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मंगलवार को आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 79 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










