रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। VIP सिटी सड्डू सेक्टर-6 में रक्षित केंद्र में पदस्थ एएसआई नागेंद्र सिंह के मकान में चोरों ने धावा बोलकर करीब 5.85 लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोरी गए सामान में करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 85 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
घटना के समय एएसआई नागेंद्र सिंह घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वे किसी काम से पटना गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपितों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा आसमान की ओर घुमा दी, जिससे चोरी की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें।
आलमारियों के ताले तोड़कर जेवर और नकदी की चोरी
चोर घर के अंदर दाखिल होने के बाद बेडरूम और ऊपर के कमरे में पहुंचे। यहां रखी आलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवर निकाल लिए। इसके अलावा घर में रखी करीब 85 हजार रुपये की नकदी भी चोरों ने पार कर दी।परिजनों के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। नकदी समेत चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5.85 लाख रुपये है।
पड़ोसियों ने दी घर का दरवाजा खुला होने की सूचना
एएसआई नागेंद्र सिंह के पटना से वापस लौटने पर उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी मिली। पड़ोसियों ने बताया कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और ताले टूटे पड़े थे। इसके बाद घर की जांच करने पर आलमारियों के ताले टूटे मिले और उनमें रखे जेवर व नकदी गायब थे।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने घर के सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदल दी थी, जिसके कारण पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।पुलिस आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
साथ ही वारदात के दौरान इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। चोरी की वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका से भी पुलिस जांच कर रही है।










