सक्ती। छात्र की मौत की जांच की जायेगी। मंत्री से हुई परिजनों के मुलाकात के बाद मंत्री खुशवंत साहेब ने ये आश्वासन दिया है। दरअसल सक्ती जिले के पलाड़ी कला स्थित एकलव्य छात्रावास में छात्र की मौत हो गयी थी। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। आक्रोशित परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इस बीचमृतक ओमेश कुमार कंवर के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। परिवार का आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक समेत तीन शिक्षकों की प्रताड़ना के कारण छात्र की मौत हुई है। परिजनों ने तीनों के तत्काल निलंबन और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद मृतक के परिजन कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी। परिजनों ने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिवार का कहना है कि छात्रावास अधीक्षक और तीन शिक्षकों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से ओमेश मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से उसकी मौत हुई। परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सक्ती कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
जिले में बढ़ा तनाव, कार्रवाई की मांग तेज
छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है।
























