गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी की घटना लगातार बढ़ी रही है। कहीं डिजीटल अरेस्ट, तो कहीं गलत पहचान बताकर बैंकों से लाखों गायब करने की घटना। नया मामला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले की है, जहां, साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने रेलवे परियोजना में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी से 20 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश की राशि को बढ़ाकर करीब 80 लाख रुपये दिखाया, लेकिन जब अधिकारी ने रकम निकालने की कोशिश की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
रेलवे परियोजना के अधिकारी बने साइबर ठगी के शिकार
पुलिस के अनुसार, कुंदन कुमार, जो पेंड्रा रोड-गेवरा रेल लाइन परियोजना में उपकरण प्रबंधक (Equipment Manager) के पद पर कार्यरत हैं, इस साइबर ठगी के शिकार हुए हैं। वे मूल रूप से पटना (बिहार) के रहने वाले हैं और केंद्र सरकार के उपक्रम इरकॉन (IRCON) में पदस्थ हैं। बताया गया कि ठगों ने उन्हें ‘मानसा कैपिटल’ नाम की कथित ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में कई गुना मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
अलग-अलग किश्तों में लगाए 20.70 लाख रुपये
ठगों के झांसे में आकर कुंदन कुमार ने अलग-अलग किश्तों में कुल 20.70 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप में उनके निवेश की राशि बढ़कर लगभग 80 लाख रुपये दिखाई जाने लगी। बढ़ती रकम देखकर अधिकारी को लगा कि उनका निवेश सफल हो गया है। लेकिन जब उन्होंने मुनाफे की राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की, तो विड्रॉल की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
मोबाइल बंद, वेबसाइट गायब, तब खुली ठगी की पोल
रकम नहीं निकलने पर अधिकारी ने कंपनी के प्रतिनिधियों और निवेश के दौरान लगातार संपर्क में रहने वाले जयप्रकाश वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। साथ ही संबंधित ट्रेडिंग पोर्टल भी पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका था।इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे एक सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित अधिकारी ने तत्काल गौरेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस साइबर ठगों की पहचान, बैंक खातों में हुए लेन-देन, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि—
• किसी भी अनजान ट्रेडिंग ऐप या निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता की जांच करें।
• सोशल मीडिया या व्हाट्सएप के जरिए मिलने वाले निवेश ऑफर पर भरोसा न करें।
• अवास्तविक और अत्यधिक मुनाफे के दावों से सतर्क रहें।
• साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।









