रायपुर। IT सेक्टर में करियब बनाने की चाहत रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि इससे पहले निर्धारित थी, लेकिन विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया गया है।
दरअसल यह फेलोशिप राज्य के उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और डिजिटल गवर्नेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करना चाहते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को न केवल उच्च गुणवत्ता की तकनीकी शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें सरकार के डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
हर महीने मिलेगी 50,000 की फेलोशिप
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 50,000 रुपये की फेलोशिप दी जाएगी। इसके अलावा एमटेक (डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की पूरी ट्यूशन फीस भी राज्य सरकार वहन करेगी। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक बोझ के बिना उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
IIIT-नया रायपुर में होगी पढ़ाई
यह कार्यक्रम इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT-NR), नया रायपुर में संचालित किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को केवल कक्षा आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर भी मिलेगा।
सरकारी प्रोजेक्ट्स पर मिलेगा काम करने का मौका
फेलोशिप के दौरान चयनित अभ्यर्थी—
• आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित परियोजनाओं पर कार्य करेंगे।
• डेटा साइंस एवं डेटा एनालिटिक्स से जुड़े सरकारी प्रोजेक्ट्स में भाग लेंगे।
• डिजिटल गवर्नेंस से संबंधित नवाचारों पर काम करेंगे।
• ई-गवर्नेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी योजनाओं में योगदान देंगे।
• अनुभवी विशेषज्ञों और शिक्षकों के मार्गदर्शन में अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की ऐसी टीम तैयार करना है, जो भविष्य की डिजिटल आवश्यकताओं को पूरा कर सके। इस फेलोशिप के माध्यम से युवाओं को उद्योग और सरकारी परियोजनाओं दोनों का अनुभव मिलेगा, जिससे उनके करियर की संभावनाएं भी बेहतर होंगी।
आवेदन की अंतिम तिथि
• नई अंतिम तिथि: 7 जुलाई 2026
• आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे।
• पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की सलाह दी गई है।










