जशपुर,11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि यहां तपकरा थाना क्षेत्र में उड़ीसा-कुनकुरी मार्ग पर लवाकेरा के पास तेज रफ्तार हाईवा और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक कुनकुरी के रहने वाले थे और जूता-चप्पल के व्यवसाय से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि दोनों ओडिशा से कुनकुरी लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी,टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची,और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वहीं सड़क हादसे में हुए दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
ममाले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना कैसे हुई ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है,लेकिन प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, पुलिस ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।










