धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सरकारी स्कूल की छत का स्लैब, प्लास्टर का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसा रक्षाबंधन की छुट्टी के दिन हुआ, जिसके चलते स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। अगर स्कूल संचालन के दौरान यह हादसा होता,तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
पूरा मामला नगरी विकासखंड के प्राथमिक शाला सिरसिदा का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक स्कूल की एक कक्षा के सीलिंग का स्लैब अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि इसी कक्ष में कक्षा पहली, दूसरी और तीसरी के विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई करते थे।
हादसे के वक्त स्कूल में छुट्टी होने के कारण वहां बच्चे और स्टॉफ मौजूद नहीं थे। अगले दिन जब स्कूली बच्चे और शिक्षक जब स्कूल पहुंचे, तब कक्षा की छत का स्लैब गिरने की जानकारी हुई, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर संबंधित कक्ष को बंद कर दिया है।
सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों को दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां अब उनकी पढ़ाई संचालित की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद स्कूल भवन की निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कलीराम साहू ने बताया कि स्कूल की छत का स्लैब गिरने की जानकारी मिली है। इसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई और मरम्मत कराया जाएगा। फिलहाल बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उनकी पढ़ाई दूसरे कक्ष में संचालित की जा रही है।



















