धमतरी/बेलरगांव। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व को लेकर ग्राम बेलरगांव में उत्साह का माहौल है। प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी गांव में विजयादशमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कल यानी 20 अक्टूबर मंगलवार को रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। वहीं, लोगों के मनोरंजन के लिए लोक कला मंच ‘लोकप्रयाग’ की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।
परंपरा, आस्था और उत्साह का संगम बनेगा विजयादशमी महोत्सव।
बेलरगांव में कई वर्षों से लगातार रावण दहन की परंपरा निभाई जा रही है। हर साल इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। इस बार भी आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मैदान में विशालकाय रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है, वहीं आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं।
आयोजन को भव्य बनाने में जुटे ग्रामवासी और समिति के पदाधिकारी।
विजयादशमी पर्व की तैयारियों में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष लिलम्बर साहू, ग्राम पटेल एवं गायता अमरसिंह पटेल, संरक्षक दऊवालाल देवांगन, कैलाश प्रजापति और अशकरण पटेल सहित ग्राम समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, नवदुर्गा विजयादशमी महोत्सव समिति बेलरगांव के अध्यक्ष मौर्यध्वज सेन, सचिव ओमप्रकाश देवांगन, कोषाध्यक्ष लिलेश प्रजापति, सहसचिव केशर यादव और उपाध्यक्ष पोखराज कश्यप सहित समिति के सभी पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।










