रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी महाविद्यालयों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। चरणदास महंत ने शासकीय कॉलेजों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है। महंत ने कहा कि नियुक्तियां नहीं होने से कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ सकता है।

नियुक्ति नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि शासकीय महाविद्यालयों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति नहीं होने के कारण नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कई विषयों में अध्यापन व्यवस्था प्रभावित होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और ऐसे समय में शिक्षकों की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर पड़ सकता है।
सितंबर के पहले सप्ताह में आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा
पत्र में चरणदास महंत ने बताया कि प्रथम, द्वितीय, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित हैं।ऐसे में यदि अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति जल्द नहीं की गई तो विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
CM साय से तत्काल नियुक्ति आदेश जारी करने का आग्रह
चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग को शासकीय महाविद्यालयों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति के संबंध में तत्काल आदेश जारी करने के निर्देश दिए जाएं।उन्होंने कहा कि समय पर नियुक्तियां होने से कॉलेजों में शैक्षणिक व्यवस्था सुचारू हो सकेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से बचाई जा सकेगी।महंत के पत्र के बाद अब अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर कॉलेजों और विद्यार्थियों की नजर बनी हुई है।




















