जांजगीर-चांपा। पुलिस हिरासत में युवक शिव सहिस उर्फ गुल्लू की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बड़ा एक्शन लिया है। घटना के करीब 12 घंटे बाद चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, चांपा थाने की कमान अब कमलेश शेंडे को सौंपी गई है। इससे पहले कल ही एक कांस्टेबल को भी सस्पेंड कर दिया गया था।

आपको बता दें कि युवक की मौत के बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है। आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासियों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया। मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई और परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
आबकारी मामले में हिरासत में लिया गया था शिव सहिस
इससे पहले जानकारी के अनुसार मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी अपराध दर्ज रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मुताबिक शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला बताया गया है।
बताया गया कि बुधवार को उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई थी और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद थाने के बाहर धरने पर बैठी पत्नी
शिव सहिस की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिजन और मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और चांपा थाने का घेराव कर दिया। मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई।परिवार की ओर से 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई व भरण-पोषण की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके अलावा परिजनों ने मामले में दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की भी मांग रखी है।
एक आरक्षक पहले ही निलंबित
मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने चांपा थाना में दर्ज आबकारी एक्ट के प्रकरण में लापरवाही के आरोप में आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। अब थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई और चर्चा में आ गई है।
अब कमलेश शेंडे संभालेंगे चांपा थाने की कमान
एसपी के एक्शन के बाद चांपा थाने की जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को सौंपी गई है। पुलिस विभाग की ओर से मामले में आगे की जांच की जा रही है। घटना के बाद चांपा क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस ने बताई अलग वजह
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत के दौरान शिव सहिस के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हुई।
फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है और पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










