मुंगेली। चुनाव में हार की खुन्नस आखिर किसी की जान की दुश्मन बन गई। सरपंच चुनाव में महज 8 से 9 वोटों से हारने वाले प्रत्याशी ने अपनी हार का जिम्मेदार एक युवक को मान लिया। मन में बैठा शक धीरे-धीरे ऐसी रंजिश में बदला कि युवक को रास्ते से हटाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दे दी गई। पहले अपहरण कराया, फिर सुनसान पंप हाउस में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया। मुंगेली पुलिस ने इस सनसनीखेज अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये पूरी घटना सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री का है। मृतक की पहचान तुलसी साहू के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में धनीराम साहू को महज 8-9 वोटों से हार मिली थी। उसे शक था कि मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाए थे। इसी शक ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
8-9 वोटों की हार का बदला लेने के लिए बना लिया हत्या का प्लान
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में ग्राम पेण्ड्री स से झुलुराम वर्मा सरपंच निर्वाचित हुए थे, जबकि धनीराम साहू को बेहद कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। मृतक तुलसी साहू चुनाव में मतगणना अभिकर्ता था।
धनीराम को लगता था कि तुलसी की वजह से ही उसे हार मिली है। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश पैदा हो गई। चुनाव खत्म हो गया, नतीजे भी घोषित हो गए, लेकिन हार का बदला लेने की कथित योजना बनती रही। आखिरकार तुलसी को अगवा कर हत्या करने की साजिश रच दी गई।
1 लाख 20 हजार में तय हुआ सौदा, 70 हजार रुपये दिए एडवांस
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने अपने साले भुवन साहू के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इसके लिए ओमनारायण राजपूत के माध्यम से बिलासपुर जिले के कोटा निवासी सुरेंद्र जोशी से संपर्क किया गया।
तुलसी साहू के अपहरण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की तैयारी शुरू कर दी।
निशान कार से पीछा, रास्ते में रोका और कर लिया अपहरण
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की शाम आरोपियों ने निशान कार से तुलसी साहू का पीछा किया। सुनसान रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रुकवाई और जबरन कार में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया।इसके बाद तुलसी को एक पंप हाउस ले जाया गया। वहां उसे डराया-धमकाया गया और 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करने संबंधी शपथ पत्र लिखवाया गया। आरोपियों ने इस पूरी प्रक्रिया की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।
बिजली के तार से पैर बांधे, गमछे से घोंट दिया गला
पुलिस जांच के मुताबिक, अपहरण के बाद आरोपियों ने तुलसी के दोनों पैर बिजली के तार से बांध दिए। इसके बाद गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।वारदात को छिपाने के लिए शव को मोटरसाइकिल के जरिए ले जाकर सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मृतक के जूते, जैकेट, मोबाइल और अन्य सामान भी छिपाने की कोशिश की, ताकि पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य न मिल सकें।
पांच आरोपी गिरफ्तार, कार से लेकर स्टाम्प पेपर तक जब्त
मामले का खुलासा करते हुए मुंगेली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी धनीराम साहू, भुवन साहू, ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू शामिल हैं।पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल निशान कार, मोटरसाइकिल, बिजली के तार के टुकड़े, मोबाइल फोन, मृतक के जूते-जैकेट, स्टाम्प पेपर और वीडियो सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
खुलासा करने वाली पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
इस अंधेकत्ल का खुलासा करने वाली मुंगेली पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।सरपंच चुनाव में महज कुछ वोटों से मिली हार, मतगणना को लेकर पैदा हुआ शक और फिर 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी देकर अपहरण एवं हत्या की साजिश। इस पूरे घटनाक्रम ने चुनावी रंजिश के खतरनाक रूप को सामने ला दिया है। फिलहाल पांच आरोपी गिरफ्तार हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।










