दुर्ग। शिक्षिका से ट्रांसफर के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। युवक मेट्रोमोनियल साइट पर मिला था, शादी से इंकार हुआ, तो युवक ने ट्रांसफर के नाम पर लाखों रुपये ठग लिये। शिक्षिका की शिकायत के बाद अब आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। शिक्षिका विधवा है और सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। पति की मौत के बाद दो बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही एक विधवा शिक्षिका को मैट्रिमोनियल ऐप पर शादी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया गया। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का लिपिक बताकर पहले शिक्षिका से दोस्ती बढ़ाई और फिर शादी का प्रस्ताव रखा।
जब शिक्षिका ने पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देकर शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने रायपुर के आसपास मनचाही जगह पर ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया। इसी बहाने उसने शिक्षिका से 5.90 लाख रुपये ठग लिए। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सारंगढ़ निवासी 34 वर्षीय अर्जुन कसेर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पति की मौत के बाद मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता दुर्ग के नयापारा क्षेत्र की रहने वाली हैं और शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा) में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। अक्टूबर 2024 में पति के निधन के बाद वह अपनी सास और दो नाबालिग बच्चों के साथ रह रही हैं।
इसी दौरान 23 मई को मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से उनकी पहचान अर्जुन कसेर से हुई। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग में पदस्थ तलाकशुदा लिपिक बताया और शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।हालांकि, पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देते हुए शिक्षिका ने तत्काल शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी से इनकार किया तो ट्रांसफर का दिखाया सपना
शादी के प्रस्ताव पर सहमति नहीं मिलने के बाद आरोपी ने शिक्षिका को दूसरे तरीके से अपने झांसे में लिया। उसने रायपुर के आसपास उनकी मनचाही जगह पर स्थानांतरण कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने दावा किया कि उसकी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तक पहुंच है और अधिकारियों से उसकी बातचीत हो चुकी है। उसने शिक्षिका को बताया कि ट्रांसफर कराने में करीब सात लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें से छह लाख रुपये शिक्षिका को देने थे, जबकि एक लाख रुपये वह खुद लगाने की बात कह रहा था।आरोपी की बातों में आकर शिक्षिका ने स्थानांतरण की उम्मीद में पैसे देने का फैसला कर लिया।
छह लाख का लोन लेकर दिए रुपये, ऐसे हुई ठगी
शिक्षिका ने मालवीय नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से छह लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया। इसके बाद आरोपी को अलग-अलग माध्यमों से रकम दी गई।
• 90 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर किए गए।
• पांच लाख रुपये रायपुर के एक रेस्तरां में नकद दिए गए।
इस तरह आरोपी ने कुल 5.90 लाख रुपये हासिल कर लिए। ट्रांसफर कराने और शादी के नाम पर भरोसा दिलाने के बाद आरोपी की भूमिका को लेकर शिक्षिका को ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।
ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सारंगढ़ निवासी अर्जुन कसेर के रूप में हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
यह मामला मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर भी सतर्क करता है। शादी, नौकरी में स्थानांतरण या अधिकारियों तक पहुंच का भरोसा दिलाकर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।










