Bilaspur News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक भर्ती और परिवीक्षा अवधि के दौरान मिलने वाले वेतन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद लागू किए गए 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन के नियम को पहले से शुरू हो चुकी भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता। इसी के साथ हाईकोर्ट ने जीवविज्ञान के व्याख्याता विनोद कुमार वर्मा को उनकी नियुक्ति तिथि से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ देने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की एकलपीठ में हुई।
भर्ती का विज्ञापन 2019 में, वेतन कटौती का नियम 2020 में आया
मामले में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह था कि शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन 30 सितंबर 2019 को जारी किया गया था। इसके बाद राज्य शासन ने 28 जुलाई 2020 को एक परिपत्र जारी किया, जिसमें परिवीक्षा अवधि के दौरान पहले तीन वर्षों तक क्रमशः 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था की गई थी।
याचिकाकर्ता का तर्क था कि जब भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन इस परिपत्र से पहले जारी हो चुका था, तो बाद में लागू की गई वेतन संबंधी व्यवस्था को उनकी नियुक्ति पर लागू करना उचित नहीं है।हाईकोर्ट ने इस मामले में शासन के परिपत्र को पिछली तारीख से लागू करने से इनकार कर दिया।
22 फरवरी 2021 को हुई थी व्याख्याता पद पर नियुक्ति
याचिकाकर्ता विनोद कुमार वर्मा की नियुक्ति 22 फरवरी 2021 को जीवविज्ञान विषय के व्याख्याता (टी संवर्ग) के पद पर हुई थी।उन्हें शासकीय हाईस्कूल तिलौली, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पदस्थ किया गया था।
नियुक्ति के बाद परिवीक्षा अवधि में उन्हें निर्धारित नियमित वेतनमान के बजाय 70-80-90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था का सामना करना पड़ा। इसी को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
शिक्षक के वकील ने कोर्ट में क्या दिया तर्क?
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शोभित कोष्ठा ने पैरवी की। उन्होंने कोर्ट को बताया कि संबंधित भर्ती का विज्ञापन 30 सितंबर 2019 को जारी हो चुका था, जबकि 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने वाला शासन का परिपत्र 28 जुलाई 2020 को आया था।
ऐसे में बाद में जारी किए गए परिपत्र को पहले से शुरू भर्ती प्रक्रिया पर लागू नहीं किया जाना चाहिए।याचिकाकर्ता की ओर से नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन, बकाया राशि और सेवा से जुड़े सभी परिणामी लाभ दिए जाने की मांग की गई।
राज्य शासन ने किया मांग का विरोध
राज्य शासन की ओर से पैनल लॉयर सौमित्र केशरवानी ने याचिका का विरोध करते हुए शासन का पक्ष रखा।दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने भर्ती विज्ञापन और बाद में जारी वेतन संबंधी परिपत्र की समय-सीमा को महत्वपूर्ण माना।
हाईकोर्ट का अहम आदेश, पूरा मूल वेतन और परिणामी लाभ देने के निर्देश
मामले में जस्टिस बीडी गुरु की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि 28 जुलाई 2020 के परिपत्र को 30 सितंबर 2019 को जारी भर्ती विज्ञापन के आधार पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता।कोर्ट ने विनोद कुमार वर्मा को उनकी नियुक्ति तिथि से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और सभी परिणामी लाभ प्रदान करने का महत्वपूर्ण आदेश दिया।
इस फैसले में भर्ती प्रक्रिया के दौरान लागू नियमों और बाद में जारी शासन के परिपत्र के बीच अंतर को रेखांकित किया गया है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि पहले से जारी भर्ती विज्ञापन के आधार पर शुरू हुई प्रक्रिया पर बाद में लागू वेतन संबंधी व्यवस्था को स्वतः पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता।










