रायपुर। कर्मचारियों के लिए बुरी खबर है। अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। बिना स्पेशल परमिशन के अब छुट्टी नहीं मिल सकेगी। जारी आदेश के मुताबिक छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। सत्र को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।
विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि 17 दिसंबर से 21 दिसंबर तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अवकाश पर नहीं जा सकेगा। इतना ही नहीं, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी पाबंदी रहेगी।

छुट्टी पर रहेगा प्रतिबंध
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश के मुताबिक, 17 दिसंबर से 21 दिसंबर तक अधिकारियों और कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी। बिना अनुमति अवकाश पर जाने वालों पर विभागीय निर्देशों के उल्लंघन का मामला बन सकता है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे जरूरी कार्यालय
विभाग ने विधानसभा सत्र के दौरान जरूरी कार्यालयों को अवकाश के दिनों में भी खुला रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने और जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है। विभाग का उद्देश्य है कि विधानसभा में पूछे जाने वाले सवालों, सूचनाओं और विभागीय कार्यों से जुड़ी जानकारी समय पर तैयार कर उपलब्ध कराई जा सके।
विधानसभा सत्र को लेकर विभाग की तैयारी
शीतकालीन सत्र के दौरान विभागीय सवालों के जवाब तैयार करने और जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने का दबाव बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए नगरीय प्रशासन विभाग ने पहले से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने साफ किया है कि सत्र से संबंधित कामकाज में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
फिलहाल 17 से 21 दिसंबर तक अवकाश पर लगी रोक को लेकर विभागीय अमले को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।










