रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को गति देने और नए पदों पर वैकेंसी जारी करने को लेकर भी सरकार की प्राथमिकता बताई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने CGPSC की वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और अध्यक्ष की नियुक्ति के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द होगी। उनके इस बयान के बाद आयोग की आगामी गतिविधियों और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं की उम्मीदें बढ़ी हैं।
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शासकीय सेवाओं में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जल्द ही नए पदों के लिए वैकेंसी निकाली जाएगी।
सरकारी भर्तियों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। रिक्त पदों पर भर्ती के साथ-साथ नए पदों पर नियुक्तियों के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के बयान से CGPSC अभ्यर्थियों को आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति और आगामी भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उम्मीद जगी है। हालांकि, अध्यक्ष की नियुक्ति की निश्चित तारीख और नई भर्तियों का विस्तृत कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है।










