न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

वेतन विसंगति पर सहायक शिक्षक ताकते रह गए राह, पशुधन विभाग के कर्मचारियों ने मार ली बाजी; 35 हजार शिक्षकों की मांग अब भी अधूरी

छत्तीसगढ़ में पशुधन विभाग के सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों का ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800 कर दिया गया है। दूसरी ओर करीब 35 हजार सहायक शिक्षक एलबी अब भी अपनी वेतन विसंगति दूर होने की राह देख रहे हैं। आखिर शिक्षकों की मांग पर कब होगा फैसला?

November 7, 2026 3:05 PM
वेतन विसंगति दूर करने की खबर
---Advertisement---11

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे सहायक शिक्षक एलबी के लिए एक बार फिर निराशाजनक तस्वीर सामने आई है। एक तरफ प्रदेश के पशुधन विकास विभाग में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की वर्षों पुरानी वेतन विसंगति दूर करने का आदेश जारी हो गया है, वहीं दूसरी तरफ करीब 35 हजार सहायक शिक्षक एलबी आज भी अपनी मांग पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। पशुधन विभाग के कर्मचारियों का वेतनमान बढ़ाने के फैसले के बाद सहायक शिक्षकों के बीच यह सवाल फिर उठने लगा है कि आखिर उनकी वेतन विसंगति कब दूर होगी?

मुख्यमंत्री बदल गए, सरकार बदल गई, लेकिन सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का मुद्दा अब तक जस का तस बना हुआ है। वर्ष 2018 से संविलियन के बाद वेतन में समानता और विसंगति दूर करने की मांग कर रहे शिक्षकों को अब तक ठोस राहत नहीं मिल पाई है। दूसरी ओर, पशुधन विकास विभाग ने वित्त विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की सहमति के बाद अपने कर्मचारियों के वेतनमान में बदलाव का आदेश जारी कर दिया है।

पशुधन विभाग ने जारी किया आदेश, ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800

छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग, महानदी भवन नवा रायपुर की ओर से 5 नवंबर 2026 को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। इसके तहत विभाग में कार्यरत सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की वेतन विसंगति दूर करते हुए उनका ग्रेड पे बढ़ा दिया गया है।

पहले इन कर्मचारियों को 5200-20200 वेतनमान के साथ 2400 ग्रेड पे दिया जा रहा था। अब इसे बढ़ाकर इसी वेतनमान में 2800 ग्रेड पे कर दिया गया है। इस फैसले के लिए वित्त विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की सहमति भी प्राप्त की गई।

सरकार के इस निर्णय से संबंधित कर्मचारियों को राहत मिली है। लेकिन इसी आदेश ने सहायक शिक्षक एलबी की वर्षों पुरानी मांग को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। शिक्षकों के बीच सवाल है कि जब दूसरे विभागों में वेतन विसंगति दूर करने के लिए निर्णय लिया जा सकता है, तो उनके मामले में अब तक समाधान क्यों नहीं निकला?

वेतन विसंगति खत्म ब्रेकिंग: 2800 ग्रेड पे का आदेश हुआ जारी, छत्तीसगढ़ में इस विभाग में वेतन विसंगति दूर करने का आदेश, 2400 ग्रेड पे हुआ 2800; शासन ने जारी किया आदेश

 

 

2018 से संघर्ष, करीब 35 हजार सहायक शिक्षक अब भी इंतजार में

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक एलबी लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि संविलियन के बाद भी उनके वेतन निर्धारण में ऐसी विसंगतियां बनी हुई हैं, जिनका सीधा असर उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।

प्रदेश में करीब 35 हजार सहायक शिक्षक एलबी ऐसे बताए जा रहे हैं, जिन्हें अब तक पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। इन शिक्षकों का आरोप है कि एक ही शिक्षक संवर्ग में पद के अनुसार वेतन में बड़ा अंतर है। उनका कहना है कि समान शैक्षणिक व्यवस्था और जिम्मेदारियों के बावजूद सहायक शिक्षक एलबी को अपेक्षाकृत कम वेतन मिल रहा है।

एक ही संवर्ग में करीब 10 हजार रुपये तक का अंतर!

सहायक शिक्षकों की सबसे बड़ी शिकायत अपने ही शिक्षक संवर्ग में वेतन के अंतर को लेकर है। शिक्षकों के मुताबिक शिक्षक एलबी और सहायक शिक्षक एलबी के वेतन में लगभग 10 हजार रुपये तक का अंतर है।

वहीं नियमित शिक्षकों और एलबी संवर्ग के सहायक शिक्षकों के वेतन की तुलना करें तो यह अंतर और अधिक दिखाई देता है। शिक्षकों का दावा है कि नियमित शिक्षकों को जहां लगभग 80 से 85 हजार रुपये तक वेतन मिल रहा है, वहीं सहायक शिक्षक एलबी को करीब 50 हजार रुपये के आसपास वेतन मिल रहा है।

इस तरह शिक्षकों के अनुसार दोनों के बीच 30 से 40 हजार रुपये तक का अंतर बन रहा है। हालांकि वास्तविक वेतन कर्मचारी की सेवा अवधि, वेतन स्तर और अन्य देय लाभों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।

आखिर कैसे पैदा हुई वेतन विसंगति?

सहायक शिक्षक एलबी की वेतन विसंगति का मामला नया नहीं है। इसकी जड़ें शिक्षक पंचायत संवर्ग के समय से जुड़ी हुई बताई जाती हैं।शिक्षकों के अनुसार वर्ष 2002-03 के दौरान उनके लिए 3800 रुपये का वेतनमान निर्धारित किया गया था। उस समय 7 से 10 साल में पदोन्नति और क्रमोन्नति का लाभ देने की बात कही गई थी, लेकिन इसका लाभ समय पर नहीं मिल पाया।

इसके बाद वर्ष 2012 में पुनरीक्षित वेतनमान लागू होने के दौरान भी वेतन निर्धारण में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया गया। शिक्षकों का कहना है कि 1.86 के गुणांक का सही तरीके से लाभ नहीं मिलने के कारण उनका वेतन निर्धारण प्रभावित हुआ और आगे चलकर यह अंतर बढ़ता चला गया।

ग्रेड पे 2400 बना सबसे बड़ी परेशानी

सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति में ग्रेड पे का अंतर भी एक बड़ा मुद्दा है। शिक्षकों के मुताबिक व्याख्याताओं के लिए 4600 और शिक्षकों के लिए 4300 ग्रेड पे निर्धारित किया गया, जबकि सहायक शिक्षक का ग्रेड पे 2400 रखा गया।

शिक्षकों का तर्क है कि उनके पद और जिम्मेदारियों के अनुरूप ग्रेड पे का निर्धारण होना चाहिए था। लेकिन कम ग्रेड पे निर्धारित होने के कारण उनके वेतन में लगातार अंतर बना हुआ है।शिक्षकों का दावा है कि इस विसंगति के चलते उन्हें हर महीने लगभग 8 से 10 हजार रुपये तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पशुधन विभाग के आदेश के बाद फिर तेज हुई चर्चा

पशुधन विकास विभाग के सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों का ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800 किए जाने के बाद सहायक शिक्षक एलबी की मांग फिर सुर्खियों में है।शिक्षकों का कहना है कि वे भी वर्षों से अपनी वेतन विसंगति दूर करने के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं। कई बार मांग उठाने और आंदोलन के बावजूद अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पशुधन विभाग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर करने के लिए आदेश जारी हो सकता है, तो करीब 35 हजार सहायक शिक्षक एलबी की फाइल पर फैसला कब होगा? क्या सरकार इस लंबे समय से लंबित मामले पर भी गंभीरता दिखाएगी या सहायक शिक्षक इसी तरह वेतन सुधार की उम्मीद में इंतजार करते रहेंगे?

 

Gitendra Sahu

Gitendra Kumar Sahu has over 10 years of experience in journalism and newsroom operations. He has worked with reputed media organizations such as Swaraj Express and Press Trust of India (PTI), where he spent nearly five years in active journalism. He has also worked with several digital media platforms and possesses extensive experience in both field reporting and newsroom desk operations. After completing his graduation, he chose journalism as his professional career. He specializes in political reporting, current affairs, and crime journalism, with strong expertise in breaking and handling major news stories.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment