छुरिया। राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में शिक्षक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। ग्राम नवागांव (पिनकापार) निवासी शिक्षक दयाराम पाल और उनके भाई के साथ गांव के ही दो व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। मामले में चिचोला पुलिस चौकी और थाना छुरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मिली जानकारी के अनुसार, घरेलू मामले को लेकर शिक्षक दयाराम पाल का गांव के ही दो व्यक्तियों के साथ विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने शिक्षक और उनके भाई के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज और बदसलूकी की। घटना के बाद शिक्षक ने अपने परिजनों के साथ चिचोला पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की है।
शिक्षक संगठन ने की घटना की कड़ी निंदा, कठोर कार्रवाई की मांग
शिक्षक के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर शिक्षक संगठन ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू ने घटना की आलोचना करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी शिक्षक के साथ मारपीट करना, गाली-गलौज करना और अभद्र व्यवहार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।










