न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

बड़ी खबर: धान खरीदी से पहले छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, 15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपये प्रति एकड़

छत्तीसगढ़ में कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता मिलेगी। 15 क्विंटल धान बेचने पर भी 21 क्विंटल की सीमा के आधार पर पूरी सहायता का प्रावधान।

November 12, 2026 1:02 PM
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की फाइल फोटो
---Advertisement---11
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले राज्य सरकार ने किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जारी नए दिशा-निर्देशों के तहत पात्र किसानों को धान के बोए गए और सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि किसान यदि प्रति एकड़ 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचते हैं, तब भी उन्हें 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा के हिसाब से पूरी आदान सहायता मिलेगी।

 

सरकार प्रति क्विंटल 659 रुपये योजना के तहत देगी पढ़िए डिटेल

कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने 12 नवंबर 2026 को कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने धान के समर्थन मूल्य और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित दर के बीच के अंतर को आधार बनाकर सहायता राशि का फॉर्मूला तय किया है।

प्रति क्विंटल 659 रुपये की आदान सहायता, एक एकड़ पर मिलेंगे 13,839 रुपये

सरकार ने कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। वहीं कृषक उन्नति योजना के तहत 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर को आधार बनाया गया है। दोनों के बीच 659 रुपये का अंतर है। इसी अंतर को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा से गुणा करने पर 13,839 रुपये की सहायता राशि तय होती है।

सरकारी गणना का पूरा फॉर्मूला:

  • योजना के तहत निर्धारित दर: 3,100 रुपये प्रति क्विंटल
  • कॉमन ग्रेड धान का समर्थन मूल्य: 2,441 रुपये प्रति क्विंटल
  • दोनों के बीच अंतर: 659 रुपये प्रति क्विंटल
  • अधिकतम उपार्जन सीमा: 21 क्विंटल प्रति एकड़
  • कुल आदान सहायता: 13,839 रुपये प्रति एकड़

15 क्विंटल धान बेचने पर भी 21 क्विंटल के हिसाब से मिलेगी राशि

कृषक उन्नति योजना के नए दिशा-निर्देशों में सबसे महत्वपूर्ण प्रावधान यह है कि किसान यदि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी पात्रता की शर्तें पूरी होने पर उन्हें सत्यापित बोए गए रकबे के अनुसार पूरी निर्धारित आदान सहायता मिलेगी।

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी किसान ने एक एकड़ में धान की फसल लगाई है और वह खरीदी केंद्र में केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे 21 क्विंटल की अधिकतम सीमा के आधार पर 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। इसके अलावा किसान द्वारा बेचे गए 15 क्विंटल धान का भुगतान 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य के हिसाब से अलग होगा।

इस तरह किसान को बेचे गए धान का समर्थन मूल्य और योजना के तहत पात्रता के अनुसार आदान सहायता, दोनों का लाभ मिलेगा। हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए सरकारी आदेश में निर्धारित पंजीयन, धान खरीदी और रकबा सत्यापन की शर्तें पूरी करना जरूरी होगा।

कम उत्पादन पर बाजार से धान खरीदकर बेचने की प्रवृत्ति पर लगेगी रोक

सरकार के इस फैसले को धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कम उत्पादन होने पर कुछ किसान बाजार से धान खरीदकर सरकारी खरीदी केंद्रों में बेचने की कोशिश करते हैं। प्रति एकड़ सत्यापित रकबे के आधार पर आदान सहायता तय होने से वास्तविक खेती और धान बिक्री के बीच अंतर को ध्यान में रखा जा सकेगा।

इस व्यवस्था से बाजार से धान खरीदकर सरकारी केंद्रों में बेचने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही अवैध धान खरीद-बिक्री और दूसरे राज्यों से होने वाली धान तस्करी पर अंकुश लगाने में भी यह व्यवस्था उपयोगी हो सकती है।

किन किसानों को मिलेगा कृषक उन्नति योजना का लाभ?

सरकारी आदेश के अनुसार खरीफ 2026 में धान बोने वाले पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। इसमें वे किसान शामिल होंगे, जिनका धान मार्कफेड द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और लैम्प्स के माध्यम से उपार्जित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य बीज निगम द्वारा धान बीज के लिए खरीदे गए धान के पात्र पंजीकृत उत्पादक भी योजना के दायरे में आएंगे।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीयन और एग्रीस्टैक (AgriStack) में पंजीयन अनिवार्य है। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के माध्यम से किसान के बोए गए रकबे का सत्यापन होना जरूरी है।

यदि किसी क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं होगा, तो जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि निर्धारित की जा सकेगी।

आधार लिंक बैंक खाते में DBT से होगा भुगतान

कृषकों को आदान सहायता राशि का भुगतान सीधे उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जाएगा। धान बेचने के लिए खरीदी पोर्टल पर टोकन जारी कराते समय किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। इसके लिए खाद्य विभाग द्वारा पोर्टल पर आवेदन की व्यवस्था की जाएगी।

रबी सीजन के धान को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि योजना का यह प्रावधान खरीफ 2026 में बोए गए धान पर लागू होगा। रबी मौसम में बोए गए धान को इसके दायरे से बाहर रखा गया है। वहीं अन्य फसलों के प्रोत्साहन के लिए 18 जून 2026 को जारी दिशा-निर्देश पहले की तरह लागू रहेंगे।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी किसान को पात्रता से अधिक राशि का भुगतान होने पर अतिरिक्त राशि की वसूली की जा सकेगी। योजना के क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी कृषि संचालक को सौंपी गई है।

कृषि विभाग के उप सचिव विकास मिश्रा के हस्ताक्षर से जारी आदेश प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया है।

इस फैसले से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उत्पादक पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक की आदान सहायता मिलने का रास्ता स्पष्ट हो गया है। हालांकि, आदेश में बिना धान बेचे सहायता मिलने का स्पष्ट प्रावधान नहीं दिया गया है। योजना का लाभ निर्धारित पात्रता और धान उपार्जन से जुड़ी शर्तें पूरी करने वाले किसानों को ही मिलेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment