रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, खानपान और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रही है। गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में छत्तीसगढ़ की इस समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली। यहां कोरिया जिले की महिला उद्यमी हीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने और अपने मिलेट्स कैफे की सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कैसे छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई राह बना रही हैं।
37 महिलाओं की मेहनत से पहचान बना कोरिया का मिलेट्स कैफे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान हीना ने बताया कि कोरिया जिले में संचालित उनका मिलेट्स कैफे केवल खानपान का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आजीविका का माध्यम बन चुका है। इस कैफे से जुड़कर 37 महिलाएं अलग-अलग आजीविका गतिविधियों के जरिए नियमित आय अर्जित कर रही हैं।
कभी सीमित संसाधनों और रोजगार के अवसरों पर निर्भर रहने वाली ये महिलाएं आज अपने हुनर, मेहनत और सामूहिक प्रयासों से स्वरोजगार की नई पहचान बना रही हैं। हीना ने बताया कि बिहान मिशन ने महिलाओं को एकजुट होकर काम करने और अपनी क्षमताओं को व्यवसाय में बदलने का अवसर दिया है।
श्री अन्न के स्वाद से देशभर में पहुंच रही छत्तीसगढ़ की पहचान
कोरिया मिलेट्स कैफे में मोटे अनाज यानी श्री अन्न से कई तरह के पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इसके जरिए स्थानीय खानपान और पारंपरिक स्वाद को बढ़ावा देने के साथ मिलेट्स के पोषण संबंधी महत्व को भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों का विशेष स्टॉल लगाया गया है। यहां देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंच रहे लोग छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद, स्थानीय खाद्य संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता से रूबरू हो रहे हैं।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति की पहचान
गुजरात के एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस आयोजन में कोरिया जिले की महिला उद्यमी हीना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण की कहानी को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर बना है। 37 महिलाओं की आजीविका से जुड़ा कोरिया का मिलेट्स कैफे अब स्थानीय प्रयासों से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ की पहचान को देशभर में पहुंचा रहा है।










