धमतरी। कलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायत के बाद जिला शिक्षा विभाग ने पी.एम.श्री श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) नगरी के प्राचार्य संतोष कुमार प्रजापति के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटाकर आगामी आदेश तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवपुर, विकासखंड नगरी में अस्थायी रूप से व्यवस्थापित किया गया है।

13 बिंदुओं में की गई थी शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेजेस नगरी की शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ने प्राचार्य संतोष कुमार प्रजापति के विरुद्ध कलेक्टर जनदर्शन में 13 बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है। फिलहाल शिकायत से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच प्रक्रियाधीन है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच पूरी होने तक प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्राचार्य को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर दूसरी जगह अस्थायी रूप से व्यवस्थापित किया गया है।
बांसपानी के प्राचार्य को मिला अतिरिक्त प्रभार
वहीं, विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शासकीय हाईस्कूल बांसपानी, विकासखंड नगरी के प्राचार्य देवेश कुमार सूर्यवंशी को पी.एम.श्री श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगरी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कलेक्टर के अनुमोदन से जारी आदेश के तहत देवेश कुमार सूर्यवंशी आगामी निर्देश तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
फिलहाल प्राचार्य के विरुद्ध की गई शिकायत की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।










