Teacher Tet News: टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों की परेशानी अब राजनीतिक स्तर पर भी उठाई जा रही है। टीईटी मुक्ति मोर्चा ने टीईटी अधिसूचना जारी होने से पहले नियुक्त हुए शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट दिलाने की मांग की है। इस संबंध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम ज्ञापन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपा गया है।
टीईटी मुक्ति मोर्चा ने राहुल गांधी से मांग की है कि वे इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाएं और केंद्र सरकार पर अध्यादेश लाकर शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से राहत देने के लिए दबाव बनाएं।
भूपेश बघेल के माध्यम से राहुल गांधी तक पहुंचाई मांग
टीईटी मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सत्य नारायण जायसवाल और सह संयोजक पीयूष गुप्ता ने 20 नवंबर, शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act) लागू होने से पहले तथा राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की टीईटी संबंधी अधिसूचना जारी होने से पहले तत्कालीन भर्ती नियमों और निर्धारित योग्यताओं के आधार पर हुई थी।ऐसे में पहले से नियुक्त शिक्षकों पर बाद में लागू की गई टीईटी अनिवार्यता थोपना उचित नहीं है। मोर्चा ने इन शिक्षकों को टीईटी से राहत देने की मांग उठाई है।
RTE एक्ट 2009 में टीईटी का उल्लेख नहीं होने का दिया हवाला
ज्ञापन में टीईटी मुक्ति मोर्चा ने बताया है कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2009 में लागू किए गए शिक्षा का अधिकार अधिनियम में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का उल्लेख नहीं था।इसके बाद राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) ने वर्ष 2010 में अधिसूचना जारी कर कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले शिक्षकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में टीईटी को अनिवार्य किया था।मोर्चा का कहना है कि उक्त अधिसूचना से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट प्रदान की गई थी। इसके समर्थन में संबंधित राजपत्र की प्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले और 31 अगस्त 2028 की समयसीमा का जिक्र
ज्ञापन में 17 अक्टूबर 2017 को मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से राजपत्र में किए गए संशोधन का भी उल्लेख किया गया है।मोर्चा के अनुसार, अंजुमन इशात-ए-तालीम ट्रस्ट बनाम महाराष्ट्र राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत देशभर में कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
इसी व्यवस्था को लेकर टीईटी मुक्ति मोर्चा ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन का कहना है कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन प्रभावी भर्ती नियमों के तहत हुई थी, उनके लिए बाद में नई पात्रता अनिवार्यता लागू करने से कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं।
25 लाख शिक्षकों की परेशानी का उठाया मुद्दा
ज्ञापन में शिक्षकों की आर्थिक और मानसिक परेशानियों का भी उल्लेख किया गया है। टीईटी मुक्ति मोर्चा का कहना है कि देशभर में बड़ी संख्या में शिक्षक बैंक ऋण के बोझ से दबे हुए हैं। कई शिक्षक गंभीर बीमारियों से भी जूझ रहे हैं।संगठन ने दावा किया है कि देश के लगभग 25 लाख शिक्षक इस अनिवार्यता को लेकर मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति से गुजर रहे हैं।मोर्चा का तर्क है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के सामने नई परीक्षा की अनिवार्यता लागू होने से उनके भविष्य और नौकरी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
राहुल गांधी से संसद में मुद्दा उठाने और अध्यादेश लाने की मांग
टीईटी मुक्ति मोर्चा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि वे संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएं। साथ ही केंद्र सरकार पर अध्यादेश लाकर टीईटी अधिसूचना से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से राहत देने के लिए दबाव बनाएं।
संगठन का कहना है कि पूर्व में निर्धारित भर्ती नियमों के आधार पर नियुक्त शिक्षकों को उनकी सेवा और नियुक्ति की शर्तों के अनुरूप राहत मिलनी चाहिए।इस ज्ञापन की प्रतिलिपि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी सौंपी गई है।फिलहाल टीईटी मुक्ति मोर्चा की इस मांग के बाद अब शिक्षकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राहुल गांधी और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।










