स्कूल शिक्षा विभाग का सख्त आदेश जारी, HRMIS पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया कर्मचारियों की अटेंडेंस का डैशबोर्ड; ई-बिल जनरेट करते समय उपस्थिति का मिलान करना अनिवार्य
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब शासकीय स्कूलों में कार्यरत शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का वेतन VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही तैयार किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को सख्त निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, उपस्थिति और वेतन गणना के दिनों में बिना उचित कारण अंतर मिलने पर संबंधित DDO के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त सचिव फरीहा आलम ने 6 नवंबर 2026 को यह आदेश जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि वेतन भुगतान के लिए ई-बिल तैयार करते समय VSK ऐप में दर्ज उपस्थिति को अनिवार्य रूप से आधार बनाया जाए।

HRMIS पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया विशेष डैशबोर्ड
विभाग ने बताया है कि इससे पहले 27 जून 2026 को जारी निर्देशों में भी VSK ऐप की उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे। अब इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी DDO के HRMIS (Leave Management System) पोर्टल के लॉग-इन आईडी में विशेष डैशबोर्ड उपलब्ध कराया गया है।
इस डैशबोर्ड के माध्यम से DDO अपने अधीनस्थ स्कूलों में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति देख सकेंगे। इससे वेतन बिल तैयार करने से पहले दर्ज उपस्थिति और वेतन के लिए गणना किए गए दिनों का मिलान किया जा सकेगा।
ई-बिल बनाते समय VSK अटेंडेंस का मिलान जरूरी
आदेश में सभी DDO को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ शालाओं के कर्मचारियों का ई-बिल जनरेट करते समय यह सुनिश्चित करें कि वेतन भुगतान केवल VSK ऐप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही किया जाए। यानी अब वेतन गणना में ऐप पर दर्ज अटेंडेंस को नजरअंदाज नहीं किया जा सकेगा।
उपस्थिति और वेतन गणना में अंतर मिला तो DDO जिम्मेदार
विभाग ने आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी कर्मचारी के वेतन भुगतान के लिए गणना किए गए दिनों और VSK ऐप में दर्ज उपस्थित दिनों की संख्या में बिना किसी युक्तियुक्त कारण के अंतर पाया जाता है, तो संबंधित DDO के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस स्थिति में संबंधित अधिकारी को स्वयं जिम्मेदार माना जाएगा। विभाग के इस निर्देश से वेतन बिल तैयार करने की प्रक्रिया में DDO की जवाबदेही बढ़ गई है। अब उन्हें वेतन भुगतान से पहले HRMIS डैशबोर्ड पर उपलब्ध उपस्थिति का मिलान सुनिश्चित करना होगा।










